सृष्टि के आरम्भ से ही मानव-विचारों का आदान-प्रदान अभिव्यक्ति से होता है. अभिव्यक्ति को प्रकट करने का सबसे प्रबल और असरकारी रूप कोई भी 'भाषा' नहीं बल्कि मात्र 'मातृभाषा' होती है. इतिहास हमें बारम्बार झकझोरता है कि हमारे देश ने गुलामी झेली, उसके जंजीरें एक लम्बे संघर्ष और हमारे पूर्वजों के अनगिनत त्याग और बालिदानों के बाद कटी, लेकिन गंभीरता से सोचने का क्या अब तक उचित समय नहीं आया है कि हम आजादी के छः दशक बीत जाने पर आज भी 'अंग्रेजी' गुलामी का जो कलंक 'ढ़ो' रहे हैं, क्या उसे 'ढ़ोने' की बजाय 'धोने' की जरूरत नहीं है? मातृभाषा से अभिव्यक्ति की सम्पूर्णता प्राप्त होती है और सामाजिक व आर्थिक परिवेश के साथ-साथ संस्कार और संस्कृति पर भी उसका दूरगामी प्रभाव पड़ता है. उथल-पुथल मचने वाला तथ्य यह भी है कि वर्तमान में सबसे ज्यादा गिरावट मातृभाषा की हुई है, तभी उसके परिणामस्वरूप हमारे संस्कार गिरे हैं, नैतिकता ह्रास हुई और संस्कृति को चोट पहुंची है. मातृभाषा और अपने देश की माटी से उत्पन्न भाषाओँ के मर्म को समझे बिना 'जनता की वाणी' नहीं समझी जा सकती. वैज्ञानिक दृष्टि से भी देखें तो ज्ञात होता है कि मन-मस्तिष्क में विचार की झलक सर्वप्रथम मातृभाषा से ही होती है. सुख-दुःख में आह भी अपनी ही भाषा में निकलती है. इन सब तथ्यों के बावजूद अंग्रेजी का वजूद कम होने की बजाय बढ़ा है. खलबली मचने के लिए ये काफी है कि हमारी पढ़ाई, न्याय, शासन और अर्थार्जन की भाषा 'अंग्रेजी' बना दे गयी तो देशभक्ति कमजोर हुई, हमारे शिक्षा प्राप्त करनेवाले नौनिहालों पर अपने भाषा की बजाय अंग्रेजी का प्रभाव बढ़ा. वातावरण का पश्चिमीकरण हुआ, भ्रष्टाचार बढ़ा, ईमानदारी तिरस्कृत हुई, नैतिकता की जड़े खोखली के गयी, लोकतंत्र पर 'अंग्रेजी मानसिकता' छाई और तो और अंग्रेजी भारी पड़ने से हमारे देश की भाषाएँ परायी हुई, ऐसे में हमारे पास क्या बच रहा है, यह बताना मुश्किल है. आज के वातावरण सच्चाई से रूबरू होते ये शब्द ललकारते हैं :
हिंदी या हमारी मातृभाषा दौड़ी वहां जहाँ जन-जन था,
फिर क्यों अंग्रेजी कर रही उसकी सिंह सवारी.
यहीं तो अपनों की आयाती अंग्रेजी का गम था,
तभी तो किस्ती वहां डूबी जहाँ पानी कम था.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें